छिबरामऊ। विकास खंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित गोशालाओं में व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराने के लिए अब मिल जुलकर काम किया जाएगा। भाजपा के पदाधिकारी भी गोशालाओं में जाकर वहां की व्यवस्थाएं देखेंगे। खामी मिलने पर वह संबंधित अधिकारियों को इन्हें दूर कराने के लिए बात करेंगे।
खंड विकास कार्यालय में बीडीओ दीपांकर आर्या की अध्यक्षता में बुधवार को ब्लॉक दिवस हुआ। बीडीओ ने बताया कि अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को मिलजुलकर आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करना है। उन्होंने सचिवों को निर्देश दिए कि गोशालाओं में चारा, भूसे, पानी समेत सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सचिवों को आईजीआरएस में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। ब्लॉक दिवस में दो शिकायतें आईं, जिसमें एक ने आवास की मांग की जबकि दूसरे ने जनसूचना के तहत सूचना मांगी। बैठक में संयुक्त बीडीओ दिनेश चंद्र, एडीओ आईएसबी अनिल कुमार, एडीओ पंचायत यशकरन सिंह, जेई लघु सिंचाई अशोक पाल आदि मौजूद रहे।