कन्नौज जिले में वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस घायल को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुॅची। वहां पर डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली क्षेत्र के सीहपुर पालपुर्वा गांव निवासी राजेश पाल का पुत्र विपिन पाल (25) खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
मंगलवार को वह बाइक से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए तिर्वा आया था। अल्ट्रासाउंड कराकर विपिन वापस अपने घर जा रहा था। तभी तिर्वा-सुजान सराय मार्ग पर स्थित धोबीघाट पुल के पास पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को मेडिकल कालेज लेकर पहुंची। उसे देखते ही डॉक्टरो ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डॉ. महेशवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
10 माह पहले ही हुई थी विपिन की शादी
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले विपिन पाल की शादी 10 महीने पहले थाना सौरिख क्षेत्र के हुसेपुर गांव निवासी वंदना के साथ हुई थी। हादसे की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी वंदना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।