कन्नौज। हरदोई स्थित सुसराल से लौट रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने युवक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जहानपुर निवासी 30 वर्षीय संतोष शुक्रवार को हरदोई के बिलग्राम अपनी ससुराल गया था। देर रात करीब 11 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक जैसे ही वह हरदोई मोड़ के करीब पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। इसमें संतोष को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद जीटी रोड पर राहगीरों का मजमा लग गया।
आनन-फानन सूचना जिला अस्पताल चौकी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने घायल संतोष को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चौकी प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि किस वाहन ने युवक को टक्कर मारी है, इसका पता किया जा रहा है।
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गुनहा गांव निवासी शिवम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया है कि उसके 48 वर्षीय पिता लाडले शंकर 18 अप्रैल रात करीब साढ़े आठ बजे पैदल खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पुल के करीब पहुंचे, तभी तहसीपुर गांव निवासी एक बाइक सवार ने नशे की हालत में होने के चलते टक्कर मार दी। गंभीर हालत में पिता को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है।