जलालाबाद। जिला कारागार में रविवार को तीन दिवसीय उन्मुखीकरण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कारागार में निरुद्ध बंदियों को एचआईवी, टीबी, यौन रोग व हेपेटाइटिस आदि बीमारियों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. केपी त्रिपाठी ने बंदियों को एचआईवी, टीबी, यौन रोग व हेपेटाइटिस की जानकारी दी। साथ ही एचआईवी के प्रभाव, संक्रमण एवं उच्च जोखिम समूहों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं लक्षण, देखभाल, सहयोग एवं उपचार आदि के बारे में बताया। प्रभारी अधीक्षक विजय कुमार शुक्ला ने वैज्ञानिक तरीके से एड्स के कारण और उपचार बताते हुए इस बात पर जोर दिया गया कि एचआईवी के कारण और उसके निवारण संबंधी जानकारी ही एक महत्वपूर्ण बचाव है। एचआईवी के संबंध में बंदियों की जिज्ञासाओं का निवारण भी डॉक्टरों ने किया। शिविर में कारागार डाॅ. अनिल यादव, अखिलेश यादव, जेलर विजय शुक्ला, उप कारापाल रामबहाल दुबे, उर्मिला देवी, कुलदीप त्रिपाठी, सोनी गुप्ता, फैजान, मोहम्मद सलीम, वंदना, रमेश आदि मौजूद रहे।