हसेरन। लोन की रकम चुकाने के लिए बैंक पहुंचे व्यापारी की पूछताछ के दौरान फील्ड ऑफिसर से कहासुनी हो गई। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल साइट पर वायरल कर दिया। जिसके बाद व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर जमकर प्रदर्शन किया।
सोमवार को हसेरन कस्बा निवासी सुभाष चंद्र उर्फ लल्लू अपने निजी लोन की रकम को अदा करने के लिए बैंक पहुंचे। रकम की पूछताछ के लिए बैंक कर्मी से कहासुनी होने लगी। कहासुनी का वीडियो वायरल होने से मामला बिगड़ गया। वायरल वीडियो में दिखाई दिया कि बैंककर्मी हाथ मे कुल्हाड़ी लेकर खाताधारक पर हमले का प्रयास कर रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
अभद्रता से गुस्साए व्यापारी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए। आर्यावर्त बैंक पहुंच नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन जताया। व्यापारियों ने बैंककर्मी पर कार्रवाई की मांग की है। हंगामे की सूचना पर पहुंची इंदरगढ़ पुलिस ने हंगामा कर रहे व्यापारियों को शांत कराया।