कन्नौज। निकाय चुनाव के लिए बैलेट पेपर छप कर आ गया है। अलग-अलग सीट के लिए शुक्रवार को बैलेट पेपर का मिलान और छंटनी की गई। हर निकाय के हिसाब से बैलेट पेपर को अलग करके उसे बक्से में सील करके जिला कोषागार कार्यालय में जमा करवा दिया गया।
नगर पालिका व नगर पंचायत चुनाव में गिनती के दिन शेष हैं। प्रशासनिक तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। चुनाव की ड्यूटी में शामिल किए गए कर्मचारियों की ट्रेनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसी क्रम में अब नगर पालिका के अध्यक्ष व वार्ड के अलावा नगर पंचायत के अध्यक्ष व वार्ड के उम्मीदवारों के बैलेट पेपर छप कर आ चुके हैं। शुक्रवार को कलक्ट्रेट में सभी आरओ की निगरानी में उन बैलेट पेपर का मिलान किया गया। जिस सीट पर जितने वोटर हैं, उसी अनुपात में छप कर आए बैलेट पेपर की गिनती की गई। नाम और चिह्न का मिलान किया गया। उसके बाद सभी वार्ड के मुताबिक बैलेट पेपर को अलग-अलग लिफाफा में पैक कर उसे बक्से में बंद कर दिया गया। किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसलिए बक्सों में ताला लगाकर उसे बाकायदा सील कर दिया गया। उसके बाद उसे कलक्ट्रेट स्थित कोषागार में सुरक्षित रखवा दिया गया। अब यह बक्से चुनाव वाले दिन सभी पोलिंग बूथ तक पहुंचाए जाएंगे। कलक्ट्रेट में हुई इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सभी सीट के आरओ और उनकी टीम मुस्तैद रही। सदर एसडीएम पवन मीना, छिबरामऊ एसडीएम अशोक कुमार, अतिरिक्त एसडीएम सुनील सिंह, अतिरिक्त एसडीएम गरिमा सिंह, सदर तहसीलदार रामशंकर, नायब तहसीलदार, भूपेंद्र विक्रम सिंह आदि भी मौजूद रहे।