तालग्राम। गुजरात से आई प्रेमिका की जिद के आगे युवक के परिवार को झुकना पड़ा। यहां तय की गई शादी को तोड़कर परिवार ने युवती संग शादी की रजमांदी दे दी। बिना किसी तामझाम के सोमवार को कानूनी प्रक्रिया के तहत शादी कराई गई। बिना बैंडबाजा के कोर्ट मैरिज से प्रेमी युगल एक दूजे के हो गए। पहले से तय तिलक समारोह का कार्यकम रद्द कर दिया गया है।
दरअसल तालग्राम थाना क्षेत्र के महानगर गांव निवासी बलवीर (25) गुजरात में एक निजी कंपनी में करीब पांच साल से काम करता था। इस बीच उसका कंपनी में काम कर रही युवती पुष्पा (22) से तीन साल से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। इस बीच बलवीर यहां अपने घर आया तो परिजनों ने उसकी यहां शादी तय कर दी। 15 मई को तिलक था।
किसी तरह इसकी जानकारी गुजरात में रह रही युवती को हो गई तो वह तिलक से ठीक एक दिन पहले यहां आ पहुंची। थाने में रविवार को प्रेमिका के सामने प्रेमी व उसके परिवार को झुकना ही पड़ा। सोमवार को दोनों ने कोर्ट पहुंच कर विवाह को पंजीकृत करा लिया है। वहीं, लड़की वालों ने समझौता के तौर सगाई में दिया सामन वापस ले लिया है और तिलक कार्यकम को खत्म कर दिया है। यह मामला यहां सुर्खियों में है।