तिर्वा। टेंपो पर बैठने से मना करने पर छात्रा पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। हमले में जख्मी हुई छात्रा की हालत में सुधार हो रहा है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मन्नापुर्वा गांव निवासी संध्या चार दिन पहले तिर्वा के एक डिग्री कॉलेज से बीएड का पेपर देकर घर जाने के लिए टेंपो का इंतजार कर रही थी। तभी गांव निवासी टेंपो चालक योगेश ने बैठने की बात कही, लेकिन मना कर दिया। इसके बाद वह दूसरे टेंपो में बैठ गई। इससे गुस्साए चालक योगेश ने उमर्दा से घर जाते समय संध्या पर जानलेवा हमला कर दिया था। संध्या के बाबा परमलाल ने योगेश समेत दो अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए रविवार की देर रात को आरोपी योगेश को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष किशन पाल ने बताया कि आरोपी को साेमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है।