कन्नौज। असम में हुई कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में इत्रनगरी में भी गुुरुवार को आक्रोश दिखा। हिंदू संगठनों ने सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन किया। 20 मिनट तक तिर्वा क्रासिंग पर जीटी रोड जाम रहा। इसके बाद सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। पाठ के संपन्न होने के बाद जुलूस निकालते हुए कलक्ट्रेट पहुंच कर डीएम शुभ्रांत शुक्ल को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तिर्वा क्रासिंग पर एकत्र हुए। पदाधिकारियों ने सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। पुलिस ने मनाने की कोशिश पर आक्रोशित लोगों ने एक न सुनी। इससे रोड के दोनों ओर जाम लग गया।
विहिप के जिला उपाध्यक्ष मिलन शुक्ला ने कहा कि हिंदू नेताओं की हत्याओं की घटनाएं बढ़ रही। आठ जनवरी को असम के करीमगंज जिले के लोविरपुरा में 16 वर्षीय कार्यकर्ता शंभू कैरी की समुदाय विशेष के लोगों ने चाकू सेे गोदकर हत्या कर दी। दो सालों में बजरंग दल के नौ कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी हैं और 32 कार्यकर्ताओं पर हमले भी हुए हैं।
कार्यकर्ता पैदल नारेबाजी करते हुए पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे। पदाधिकारियों ने कहा कि हिंदू नेताओं को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। हत्या और हमला करने वाले आरोपियों को सजा दी जाए। इस दौरान शैलेंद्र त्रिपाठी, चेतन, पुष्कर, पंकज मिश्रा, उमेश, आकाश मौर्य, शिवम शुक्ला मौजूद रहे।
-----------------------
एंबुलेंस को दिया रास्ता
हिंदू संगठन से जुड़े नेताओं के तीखे तेवरों के आगे सदर कोतवाली पुलिस के इंतजाम धड़ाम हो गए। प्रदर्शन रोकने के लिए पहले से ही जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड पर धरना दिया, तो रोड पर वाहनों का रेला लगने लगा। ट्रैफिक पुलिस के जवान वाहनों को रोड किनारे लगवाने में जुटे रहे। पुलिस बल के साथ मौके पर सदर कोतवाली प्रभारी राज कुमार सिंह खड़े होकर तमाशा देखते रहे। प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने एंबुलेंस और जरूरी काम से जाने वाले लोगों को रास्ता दिया।