कन्नौज। शहर के लाला श्याम लाल इंटर कॉलेज में आयुर्वेद विभाग की ओर से मेरे दैनिक जीवन में आयुर्वेद उपयोगिता विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें लाला श्याम लाल इंटर कॉलेज के छात्र अमन कुमार प्रथम स्थान पर आए। दूसरे नंबर पर कानपुर पब्लिक स्कूल की छात्रा दृश्या कटियार तथा तीसरे पर सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा अपूर्वा मिश्रा रहीं।
लाला श्याम लाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आशीष शुक्ल ने बताया कि सांत्वना पुरस्कार कन्हैयालाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की सृजल पांडेय और गुरुकुल एकाडमी के दक्ष श्रीवास्तव को दिया गया। प्रतियोगिता के लिए 84 माध्यमिक स्कूलों से 156 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण किया गया था। कुल 110 विद्यार्थी इसमें शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि प्रथम पुरस्कार के लिए 5100 रुपये दिए गए। द्वितीय पुरस्कार 2100 और तृतीय 1100 रुपये नकद दिए गए। सांत्वना पुरस्कार में भी 501 रुपये दिए गए। इस मौके पर सांसद सुब्रत पाठक, विवेक पाठक, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गरिमा सिंह, डीआईओएस राजेंद्र बाबू, कार्यक्रम के नोडल डॉ. देवेंद्र सिंह, शिवमोहन कुशवाहा, महेश चंद्र पाल, आलोक मिश्र, बाबू सिंह, तेजवीर व नीरज तिवारी आदि लोग रहे।