विशुनगढ़। मोहल्ला नुनार से थाना रोड तक बन रही आरसीसी सड़क के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए उन्होंने काम रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर खराब ईंटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने जेई गौरव कुमार पर पुलियों को बंद कराने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री न लगाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि दो पुरानी पुलियों को बंद करने से बारिश में जलभराव हो सकता है। उन्होंने पुलियों को चालू रखने और सड़क के किनारों पर इंटरलॉकिंग ईंटें बिछवाने की मांग की। इस दौरान अभिषेक तिवारी, विवेक तिवारी, लालजी तिवारी, महेश बाथम, राकेश बाथम, वीरेंद्र बाथम, राजपाल सक्सेना, लल्ला बाथम, ओमजी तिवारी, ज्ञानू यादव, श्रीनारायण शुक्ला और मगनलाल कठेरिया सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। बीडीओ दीपांकर आर्य ने आरोपों की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।