कन्नौज। शहर के बोर्डिंग ग्राउंड पर शुरू हुई राज्य स्तरीय स्व. ओम प्रकाश पाठक मेमोरियल राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में अलीगढ़ ने सबसे पहले सेमीफाइनल में जगह बनाई। बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अलीगढ़ की टीम ने कन्नौज को शिकस्त दी। अलीगढ़ टीम ने 95 रनों से मुकाबला जीत लिया।
बुधवार को हुए पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अलीगढ़ की एचआर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। 30 ओवर के मुकाबले में अलीगढ़ के बल्लेबाजों ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अलीगढ़ के बल्लेबाज दीपांशु अत्री ने शानदार शतक लगाया और भवन अग्रवाल ने 76 रनों की पारी खेली। कन्नौज के गेंदबाज नईम ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। अलीगढ़ के बनाए 264 रनों के जवाब में उतरी कन्नौज टीम 169 रनों पर ऑल आउट हो गई।
कन्नौज की ओर से मिथुन ठाकुर ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। अलीगढ़ के गेंदबाजों के आगे बल्लेबाज ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। सबसे ज्यादा चार विकेट जयवीर चौधरी ने लिए। टूर्नामेंट के आयोजन करता के रूप में टूर्नामेंट संरक्षक संजय सामवेदी, अध्यक्ष पवन त्रिवेदी और ममतेश तिवारी के अलावा शुभम दुबे, आनंद मिश्रा, अब्दुल मलिक, गुफरान हुसैन, सजल सिंह, आशीष तिवारी आदि मौजूद रहे। मैच का टॉस जिला उद्योग अधिकारी धनंजय सिंह ने कराया।
इनसेट
शतक लगाने वाले मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी पर इनामों की बारिश
फोटो:21: शतक लगाने वाले दीपांशु अत्री को पुरस्कृ करते कमेटी के पदाधिकारी। संवाद
मैच में जोरदार शतक लगाने वाले बल्लेबाज दीपांशु अत्री को शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार वरिष्ठ अधिवक्ता बृजेंद्र ठाकुर के हाथों दिया गया। यह इस सीजन का पहला शतक है। इस प्रदर्शन के लिए दीपांशु को 11 हजार रुपये का नगद इनाम नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष हाजी रईस अहमद की ओर से और 2100 रुपये का इनाम हम लोग मिल्क रस्क की ओर से दिया गया।
इनसेट
आज से दूसरे ग्रुप का मुकाबला, मैनपुरी-कानपुर में टक्कर
टूर्नामेंट के पहले ग्रुप में शामिल चारों टीम का मुकाबला हो चुका है। अलीगढ़ की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अब गुरुवार से दूसरे ग्रुप का मुकाबला शुरू होगा। इस ग्रुप में शामिल चार टीमों में से डीसीएफ मैनपुरी और एलडीए लखनऊ के बीच गुरुवार को मैच होगा। 19 जनवरी को केसीए कानपुर और एबीएल एकेडमी आगरा के बीच होगा। 18 और 19 जनवरी की विजेता टीम 20 जनवरी को आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले की विजेता का मुकाबला सेमीफाइनल में पहुंची अलीगढ़ के बीच होगा।