तिर्वा। अधिवक्ता सपा नेता का स्कूल ध्वस्त कराने के मामला तूल पकड़ने लगा। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में हंगामा कर एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाए। नारेबाजी करते हुए अधिवक्ताओं ने एसडीएम के स्थानांतरण की मांग की है।
सोमवार को तहसील में बार व लायर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई।
इसमें बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि तहसील प्रशासन ने अधिवक्ता सपा नेता दिगंबर सिंह यादव के स्कूल को ध्वस्त करा दिया। तहसील प्रशासन ने छह दिसंबर तक स्वयं कब्जा हटाने का नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद भी तीन दिन पहले रविवार को ध्वस्त करा दिया। इससे काफी नुकसान हुआ।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम और तहसीलदार पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम के स्थानांतरण की मांग की। अधिवक्ताओं ने 10 दिसंबर तक कार्य बहिष्कार करने की घोषणा की।
इस मौके पर अजय यादव, अशोक राजपूत, अवनीश कुमार, हिमांशु तोमर, अंकित श्रीवास्तव और इंद्रेश यादव मौजूद रहे।