फोटो 07- मौके पर खड़ी क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मीडियाकर्मी की मौत हो गई। उसके पास से एक न्यूज चैनल की आईडी, चेक और आधार कार्ड मिला है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था, लेकिन शरीर में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई।
आजमगढ़ जिले के थाना अहरौला शंभूपुरा निवासी जनार्दन सिंह (38) पुत्र कुंज बिहारी सिंह दिल्ली के खेड़ा देवता दल्लूपुरा-एच 137 में रहते थे। वह एक निजी चैनल में कार्यरत थे। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे बाइक से आजमगढ़ जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना तालग्राम में मछैया गांव के पास झपकी आने से तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
घटनास्थल पर ही जनार्दन सिंह की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसआई प्रकाश सिंह को जनार्दन सिंह के जेब से चेकबुक, राशनकार्ड, पासबुक, एक निजी न्यूज चैनल के कर्मचारी का आईकार्ड, तीन हजार रुपये और मोबाइल बरामद किया। सीओ शिवप्रताप सिंह ने बताया कि आजमगढ़ जिले के थाना अहरौला के प्रभारी निरीक्षक को फोन कर जानकारी दी गई है।