छिबरामऊ। आलू में दामों में आई गिरावट को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। नारेबाजी कर कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आलू का भाव सात सौ रुपये प्रति पैकेट करने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील मुख्यालय पहुंचे और जमीन पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम अशोक कुमार को राज्यपाल से संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि किसानों की आय दो गुनी करने, मुफ्त बिजली देने सहित कई वादे सरकार ने किए थे। अब किसानों का आलू 250 से तीन सौ रुपये पैकेट बिक रहा है। इसमें लागत भी पूरी नहीं आ रही है। बेबस किसान मजबूर होकर उपज को औने-पौने दामों में बेंच रहा है। राज्य सरकार को किसानों को आलू का दाम कम से कम सात सौ रुपये पैकेट देने के साथ ही कोल्ड स्टोरेज का भाड़ा 120 रुपये करना चाहिए। मांगें पूरी न होने पर आप कार्यकर्ता पांच दिन बाद सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सतीश चंद्र सक्सेना, संजय कुमार, इरशाद अहमद आदि मौजूद रहे।