छिबरामऊ। बैंक से रुपये निकालने के लिए दिव्यांग शिक्षक का एटीएम बदलकर टप्पेबाज ने खाते से 90 हजार रुपये पार कर दिए। जानकारी होने पर शिक्षक ने पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
आवास विकास काॅलोनी निवासी गौतम सिंह ने बताया कि वह हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है। पिछले महीने पांच अक्तूबर की सुबह 11.30 बजे स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया था। एटीएम से पैसे निकालने के बाद स्लिप ले रहा था, तभी एक युवक आया और उनसे मदद मांगी। मना करने पर युवक आगे बढ़ने लगा। दिव्यांग होने के कारण वह शरीर पर नियंत्रण नहीं रख सके और जमीन पर गिर पड़े। एटीएम कार्ड हाथ से छूट गया। युवक ने इसका फायदा उठाकर उनका एटीएम बदल लिया। घर पहुंचने के बाद उसके मोबाइल पर खाते से 90 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। तब उसने एटीएम व बैंक जाकर जानकारी की, लेकिन खाते से निकाले गए रुपये की जानकारी नहीं हो सकी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी चेक कराए जाएंगे। शिक्षक की शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई टप्पेबाज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।