कन्नौज। आलेख्य निर्वाचक नामावली को बीएलओ द्वारा खुली बैठक में पढ़ा गया और दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। इस दौरान बीएलए भी बूथों पर डटे रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले के समस्त मतदेय स्थलों पर संबंधित मतदान केन्द्रों पर नामावली पढ़कर सुनाई गई। जिसके अनुसार विधानसभा छिबरामऊ में फार्म छह के 3015, फार्म सात के 412 तथा फार्म आठ के 2018 प्रकरण प्राप्त हुए। इसी प्रकार विधानसभा तिर्वा में फार्म छह के 3273, तथा फार्म आठ के 152 प्रकरण प्राप्त हुए। वहीं सदर विधानसभा में फार्म छह के 1589, फार्म सात के 135 तथा फार्म आठ के 654 प्रकरण प्राप्त किए गए। इस प्रकार फार्म छह के 7877, फार्म सात के 547 तथा फार्म आठ के 2824 आवेदन प्राप्त हुए हैं।