तिर्वा। अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार एक महिला और उसके दो बेटे घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। उपचार दौरान महिला की मौत हो गई। घायल दो युवकों की हालत गंभीर देख उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस की मानें तो मौके पर हेलमेट नहीं मिला है। थाना गुरसहागंज कस्बेे के आजाद नगर निवासी गंगादेवी (60) पत्नी रघुवर दयाल अपने दो पुत्र गोविंद (24) व बृजेश (20) के साथ बाइक से औरैया जनपद के बेला कस्बे में अपनी विवाहिता पुत्री किरन के यहां जा रहीं थीं। बाइक गोविंद चला रहा था। जैसे ही वह उमर्दा कस्बेे के आगे पहुंचीं तो सामने से तेज रफ्तार से रही बोलेरो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां उपचार दौरान महिला की मौत हो गई। घायल दोनों युवकों की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। मौत का समाचार सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष टीपी सिंह ने बताया तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाएगी।