कन्नौज। जिले के 55 शिक्षकों को दूसरे जनपद के लिए रिलीव कर दिया गया है। 69 हजार भर्ती के शिक्षकों को कोर्ट के आदेश पर कार्यमुक्त किया गया। इसके लिए शनिवार को शिक्षकों ने डीएम से भी गुहार लगाई थी।
69 हजार शिक्षक भर्ती में शामिल शिक्षकों को अंतरजनपदीय तबादले का आदेश हुआ है। माह का द्वितीय कार्यमुक्त आदेश लेने आए शिक्षकों को दफ्तर बंद मिला तो वो परेशान हो गए। परेशान होकर शिक्षक कलक्ट्रेट पहुंच गए। डीएम के समाधान दिवस में होने पर उन्हें मोबाइल पर कॉल कर पूरी जानकारी दी। कोर्ट के आदेश का हवाला दिया कि उन सभी को 13 अगस्त तक संबंधित जनपद में ज्वाइन कराने के निर्देश हैं। ऐसा न होने पर आगे मुश्किल हो जाएगी। डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने बीएसए कौस्तुभ सिंह से बात कर पूरा मामला जाना। उसके बाद शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए। डीएम का निर्देश मिलते ही सदर ब्लॉक के बीईओ विपिन कुमार और प्रधान लिपिक प्रदीप सक्सेना ने शिक्षकों को रिलीव करने की प्रक्रिया शुरू की। शनिवार की देर रात तक बीएसए ऑफिस में शिक्षकों को कार्यमुक्त कर प्रमाणपत्र सौंप दिया गया। बताया गया कि जिले से 124 शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जाना है। इन सभी शिक्षकों को चयनित जनपद के लिए कार्यमुक्त किया जा रहा है। देर शाम तक 55 शिक्षक कार्यमुक्त आदेश लेकर जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में पद रिक्त न होने की सूरत में बदले में कोई भी शिक्षक नहीं आएगा।
-