कन्नौज। जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दूसरे चरण का सत्यापन दोबारा शुरू होने जा रहा है। इसमें 54 हजार किसान शामिल होंगे। अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी ने सभी जिलों के डीएम को जमीन का सत्यापन कर रिपोर्ट पोर्टल पर फीड करने का आदेश जारी किया है।
जिले में 2.76 लाख लोगों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। पहले चरण में सितंबर तक 2.22 लाख लोगों का सत्यापन हुुआ था। 54 हजार किसानों का सत्यापन शेष है। अपर मुख्य सचिव का आदेश आने के बाद डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने सभी एसडीएम, तहसीलदार व डीडी कृषि को सत्यापन की जिम्मेदारी दी है। साथ ही एलडीएम को भी किसानों के खाते व आधार नंबर आदि का ब्योरा देने में सहयोग करने को कहा है।
अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि भूलेख सत्यापन में जो किसान मृतक या अन्य कारणों से अपात्र मिले हैं, उनका यूनिक आईडी सूची से मिलान कर लिया जाए। जनहित गारंटी अधिनियम के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के आवेदकों का समयबद्ध निस्तारण तहसील स्तर पर 15 दिनों में करने के निर्देश दिए गए हैं। डीडी कृषि कार्यालय पर भी 15 दिन का समय दिया गया है।