कन्नौज। सावन मास भोले बाबा पर गंगाजल चढ़ाने की धूम मची है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पड़ोसी जिले हरदोई के बिलग्राम स्थित मंशा नाथ मंदिर से हजारों की संख्या में कांवड़िया महादेवी घाट से गंगा का जल लेकर सिद्धपीठ बाबा गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। यहां के बाशिंदों ने कांवड़ियों के स्वागत के लिए भंडारे का भी आयोजन किया है।
बाबा गौरी शंकर कांवड़ियां सेवा मंडल की ओर से शुक्रवार को 11 वां विशाल भंडारा आयोजित होगा। बोर्डिंग मैदान पर हाेने वाले इस आयोजन की तैयारी को अंतिम रूप देने में देर रात सेवा मंडल के पदाधिकारी जुट रहे। उधर, भारी संख्या में इत्रनगरी पहुंचे रहे कांवड़ियाें के जत्थों के चलते पुलिस प्रशासन भी चौकन्ना है। गुरुवार देर शाम आलाधिकारियों ने कांवड़ियाें के आने वाले रास्ते का निरीक्षण कर निर्देश दिए। जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों के लिए बाबा गौरीशंकर मंदिर प्रबंध समिति ने तैयारी पूरी कर ली है। पदाधिकारियों ने बताया कि बिलग्राम से 30 हजार से कांवड़ियाें के शामिल होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि कांवड़ियाें के लिए होने वाला विशाल भंडारा एक आनोखा भंडारा होता है। आम भंडारों में जहां पूरी सब्जी व हलुआ का प्रसाद मिलता है, लेकिन यहां होने वाले भंडारे तरह-तरह के स्वाद कांवड़ियाें को चखने के लिए मिलते हैं।
-
दुल्हन की तरह सजती रही इत्रनगरी
शुक्रवार को बोर्डिंग मैदान पर जहां कांवरियों के भंडारे की व्यवस्था की गई है, तो दूसरी इत्रनगरी के लोगों में कांवरियों के आने की खुशी देखते ही बन रही है। इत्रनगरी के कई मार्गों को रंग बिरंगी रोशनी में सजा गया। शहर की सड़कों पर चलती रंग बिरंगी झालरें अनोखी छटा बिखेरती रहीं।
यात्रा के दौरान आज 18 घंटे तक रहेगा रूट डायवर्जन
-बक्शीपुर्वा तिराहा डायवर्जन: यहां से मेहंदीघाट की तरफ केवल श्रद्धालुओं के वाहन आना-जाना कर सकेंगे।
- हरदोई मोड़ डायवर्जन: यहां से किसी भी प्रकार का कोई वाहन मेहंदी घाट की तरफ नहीं जा सकेगा। केवल कांवर श्रद्धालु ही आना-जाना कर सकेंगे।
- मानीमऊ की तरफ से पुराने जीटी रोड की तरफ कोई वाहन नहीं आ सकेगा । बल्कि नेशनल हाईवे-91 की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे।
-पूर्वी बाईपास से जीटी रोड की तरफ कोई भी वाहन आवागमन नहीं कर सकेगा। केवल श्रद्धालुओं के लिए आना-जाना हो सकेगा।
-मंडी समिति में किसानों के ट्रक, ट्रैक्टर आदि जीटी रोड होते हुए नहीं आ सकेंगे। क्योंकि जीटी रोड पर श्रद्धालुओं का आवागमन होता रहेगा।
- तिर्वा क्रॉसिंग से रोडवेज बस स्टैंड की तरफ किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन नहीं हो सकेगा। केवल श्रद्धालुओं का आवागमन रहेगा।
-गैस-गोदाम क्रॉसिंग टेंपो स्टैंड से तिर्वा क्रॉसिंग, रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन की तरफ कोई भी वाहन नहीं आ जा सकेंगे।
-रोडवेज बसें बस स्टैंड सरायमीरा से सवारी न लेकर गैस गोदाम क्रॉसिंग से सवारी2 लेकर विभिन्न स्थानों को जा सकेंगी और अन्य स्थानों से वापस भी यहीं आएंगी।
- गोलकुंआ चौराहा से तिर्वा क्राॅसिंग ओवर ब्रिज से ऊपर कोतवाली कन्नौज की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
-जलालपुर-पनवारा ओवर ब्रिज के नीचे से जीटी रोड की तरफ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।