छिबरामऊ। विकास खंड की सभी ग्राम पंचायत में 2595 पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए गड्ढा खोदाई का काम शुरू हो गया है। सभी ग्राम पंचायत में 31 जुलाई तक पौधरोपण का कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विकास खंड की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम्य विकास की ओर से 2162, राजस्व विभाग की ओर से 156 व पंचायती राज विभाग की ओर से 277 समेत कुल 2595 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायतों में कंजी, केसिआ श्यामिया, जामुन, शीशम, सहजन, अमरूद, अर्जुन के पौधों का रोपण होना है। ग्राम पंचायतों में पौधरोपण व गड्ढा खोदाई का काम मनरेगा से कराया जाना है। इसके अलावा राजपुर पौधशाला से पौधों की उठान का कार्य ग्राम पंचायत को करना है। ग्राम पंचायतों में पौधरोपण का कार्य 31 जुलाई तक पूरा होना है। एडीओ समाज कल्याण श्यामबरन सिंह ने बताया कि सभी पंचायत सचिवों को गांवों में गड्ढा खुदवाने व नर्सरी से पौधे उठाने के लिए निर्देश दे दिए गए हैं।