कन्नौज। निकाय चुनाव के बाद से पुलिस महकमे में रह-रह का तबादलों का सिलसिला जारी है। कोतवाली और थाना प्रभारियों के साथ कई अहम पटल पर फेर बदल के बाद रविवार को चली तबादला एक्सप्रेस में 229 पुलिस कर्मियों को इधर-से उधर भेज दिया गया। जिले में कानून व्यवस्था में सुधार को लेकर एसपी ने यह एक्शन लिया है। अचानक से बड़े पैमाने पर हुए फेरबदल से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
लंबे समय से थानों व चौकियों में तैनात 229 पुलिस कर्मियों के कार्यक्षेत्र में एसपी ने बदलाव किया है। सदर कोतवाली में तैनात आरक्षी व मुख्य आरक्षी को अलग-अलग थानों व चौकियों में तैनात किया गया है। सभी पुलिस कर्मियों को तत्काल तैनाती वाले स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के एसपी ने आदेश दिए हैं।एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सदर कोतवाली में तैनात आरक्षी कुश हुड्डा को इंदरगढ़ थाना भेजा है। इसी प्रकार अनूप सिंह को इंदरगढ़ थाना से तालग्राम, मोहित कुमार को तालग्राम से गुरसहायगंज, विनय कुमार को सौरिख से गुरसहागंज, राकेश कुमार को गुरसहायगंज से तिर्वा समेत 229 पुलिस कर्मियों के कार्य क्षेत्र में फेर बदल किया गया है। बड़े पैमाने पर पुलिस कर्मियों के तबादला से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी ने तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।