तेराजाकेट। रिश्तेदार बताकर युवक के मोबाइल पर मैसेज भेजकर ठग ने अपने खाते में 22 हजार रुपये क्यूआर कोड से मंगवा लिए। युवक ने दुकानदार से क्यूआर कोड पर रुपये भिजवाए। इसके बाद लेनदेन को लेकर दुकानदार और युवक के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद मामला चौकी पुलिस तक पहुंच गया।
तालग्राम रोड पर स्थित गांव पालमपुर निवासी रतिराम के पुत्र अमन के मोबाइल पर मंगलवार की शाम को एक युवक ने फोन कर परिजनों और रिश्तेदारों के नाम बताए। फिर कहा कि वह वह उनके खाते में रुपये भेज रहा हैं। रिश्तेदार का अस्पताल में ऑपरेशन है। डाॅक्टर ने तुरंत पैसा मांगा है। उसके फोन से खाते में रुपये नहीं जा रहे है। तब अमन ने युवक का क्यूआर कोड मांगा। ठग ने तत्काल 25 और 12 हजार रुपये के दो मैसेज मोबाइल पर भेज दिए। अमन भागता हुआ कैफे पर पहुंचा और दुकानदार क्यूआर कोड पर रुपये डालने को कहा। दुकानदार मोहित ने जब रुपया मांगा तो अमन ने कहा कि पहले रुपया भेजो। वह अपने खाते से उसे रुपये दे देगा। मोहित ने तीन बार में एक हजार, 11 हजार, दस हजार रुपये क्यूआर कोड पर भेज दिए। ठग ने जब 25 हजार रुपये और भेजने को कहा। तब दुकानदार ने अमन से अपने खाते से रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। खाते में देखने पर रुपया नहीं था। मैसेज देखे तो वह फर्जी थे। अब ग्रामीण और दुकानदार में 22 हजार रुपये को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला सरायप्रयाग चौकी पुलिस पर पहुंचा। तब दोनों पक्षों में तीन दिन में रुपये देने की बात तय हुई।