कन्नौज। साढ़े छह साल बाद एक बार फिर से नोट बदलवाने के ऐलान ने लोगों को परेेशान कर दिया है। हालांकि गनीमत यह है कि इसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने चार महीने से ज्यादा समय तक की मोहलत दी है। हालांकि इस ऐलान के अगले दिन बहुत ज्यादा गहमागहमी नहीं दिखी। शहर में आम दिनों की ही तरह लेनदेन होता रहा। पेट्रोल पंप पर जरूर लोग ईंधन डलवाने के लिए दो हजार रुपये का नोट देते दिखे। वहां उन्हें परेेशानी भी नहीं हुई।
दरअसल रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से यह ऐलान किया गया है कि दो हजार के नोट को अब बाजार से हटाया जाएगा। ऐसे में जिन लोगों के पास यह नोट है, उन्हें 30 सितंबर तक बैंक में जाकर बदलने की मोहलत दी गई है। चूंकि मोहलत काफी है, इसलिए लोगों के बीच ज्यादा परेशानी नहीं देखी गई। अगले दिन शनिवार को बाजार में कोई खास हलचल नहीं रही। लोगों के बीच इसे लेकर चर्चा तो काफी हुई, लेकिन गहमागहमी जैसा नजारा नहीं दिखा। बाजार में खरीदफरोख्त आम दिनों की ही तरह होती रही। इक्का-दुक्का जगहों पर ही दो हजार के नोट का इस्तेमाल हुआ। पेट्रोल पंप पर जरूर लोग ईंधन डलवाने के लिए दो हजार रुपये का नोट देते हुए दिखे। खासकर बड़ी गाड़ी वालों ने तो सीधे अपनी-अपनी गाड़ियों की टंकी ही भरवाई और रकम में दो हजार के नोट ही अदा किए। दोपहिया गाड़ी वालों ने टंकी भरवाना मुनासिब समझा।
99999999999999
बैंकों में शनिवार को रहा आम दिनों जैसा नजारा
दो हजार के नोट को लेकर जारी आदेश के बाद शनिवार को बैंकों में भी आम दिनों जैसा ही नजारा रहा। चूंकि बैंकों में 23 मई से दो हजार रुपये के नोट जमा करा सकेंगे या फिर उन्हें अन्य मूल्य के नोटों के साथ किसी भी बैंक शाखा में जाकर एक्सचेंज करा सकेंगे। एक बार में अधिकतम 20 हजार रुपये मूल्य के नोट बदलवाए जाए सकेंगे। यह प्रक्रिया 23 मई से शुरू होगी और 30 सितंबर 2023 को खत्म होगी।
2016 नोटबंदी की यादें हुई ताजा लोगों में चर्चा का बाजार गर्म
तालग्राम। आरबीआई ने बैंकों को दो हजार का नोट चलन से वापस करने की घोषणा के बाद व्यापारियों से लेकर आम आदमी तक में चर्चा शुरू हो गई है। तालग्राम में शनिवार को पेट्रोल पंपों से लेकर दुकानों पर दो हजार का नोट लेकर लोग पहुंचे। व्यापारी अल्केश कुमार, अनिल सिंह, राजन गुप्ता, ने बताया कि वर्ष 2016 में एक हजार व 500 रुपये का नोट बंद कर दिया था। अब फिर से शुक्रवार को आरबीआई की ओर से दो हजार का नोट चलने से बंद करने की घोषणा की है। जैसे ही आमजन को दो हजार का नोट बंद होने की जानकारी मिली तो दो हजार का नोट चलाने के लिए पेट्रोल पंपों पर तेल डलवाने को पहुंचने लगे हैं।
-
बयान
दो हजार के नोट को बदलने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। आरबीआई की गाइडलाइन के तहत बैंकों में नोट बदलने की सुविधा मिलेगी।30 सितंबर तक लोग आसानी से अपनी करेंसी बदलवा सकेंगे। खरीद-फरोख्त में इसे लेने से मना करने का कोई आदेश नहीं है। 30 सितंबर तक इसका चलन वैध माना जाएगा। शुभ्रांत शुक्ल, डीएम