कन्नौज। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल परीक्षार्थियों के लिए ध्यान देने वाली खबर है। पहली बार इन परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट पर 20 नंबरों के प्रश्नों के जवाब भरने होंगे। हालांकि वर्ष 2021-22 में नौंवी कक्षा की गृह परीक्षा और उसके बाद हाईस्कूल प्री-बोर्ड में भी इसी पैटर्न की का अभ्यास कराया जा चुका है।
वर्ष 2023 की हाईस्कूल परीक्षा में 28,815 और इंटरमीडिएट में 25,432 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हाईस्कूल के सभी परीक्षार्थियों को सभी विषयों के प्रश्न पत्रों के साथ ही 20-20 नंबर की ओएमआर शीट भी दी जाएगी, जिसमें बने गोलों को भरना होगा। 30 नंबरों का आंतरिक मूल्यांकन पहले ही विद्यालयों में कराया जा चुका है। इसके अलावा 50 नंबर के प्रश्न पत्रों के जवाब भी उत्तर पुस्तिकाओं में लिखने होंगे। डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि पहले ही सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य को नए नियम से अवगत करा दिया गया था। 20 नंबरों के प्रश्नों के जवाब ओएमआर शीट पर भरने होंगे। लाला श्याम लाल इंटर कॉलेज कन्नौज के प्रधानाचार्य आशीष शुक्ल ने बताया किएक विषय का प्रश्न पत्र कुल 100 नंबर का आएगा। इसमें 30 नंबर का आंतरिक मूल्यांकन हो चुका है। 70 नंबर में 20 नंबर की ओएमआर शीट के उत्तर भरने होंगे। 50 नंबर की लिखित परीक्षा होगी।
इनसेट ओएमआर शीट के लिए यह बरतें सावधानियां
- गोलों को काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन से भरना होगा।
- प्रत्येक प्रश्न के नंबरों को देखकर ओएमआर शीट में उसी नंबर पर भरा जाएगा।
- ओवर राइटिंग, कटिंग से नंबर कट सकते हैं।
- ओएमआर शीट पर व्हाइटनगर का भी प्रयोग नहीं किया जाएगा। न ही खुरचा जाएगा।
-