कन्नौज। बिजली में ठेकेदारी का टेंडर लेने के लिए एक ठेकेदार ने दूसरे ठेकेदार से 21.05 लाख रुपये उधार लेकर आठ लाख वापस किए। कई बार मांगने के बाद भी रुपये वापस नहीं किया। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सिंह वाहिनी मंदिर के करीब के रहने वाले अरविंद कुमार यादव ने सरायमीरा तिर्वा क्रॉसिंग के करीब रहने वाले शशांक वैश्य उर्फ अंशू पर टेंडर के नाम पर रुपये लेकर वापस न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा है कि वह बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करता है। शशांक वैश्य भी ठेकेदारी करते हैं। तभी मिलना-जुलना रहता है। जान पहचान के चलते शशांक वैश्य ने रानीचाह मोहल्ला के रहने वाले नरेंद्र सिंह, पकरियाटोला निवासी ब्रजेश की मौजूदगी में टेंडर के नाम पर रुपये मांगे। पीड़ित ने विश्वास में आकर 21 नवंबर 2017 को छह लाख रुपये, चार दिसंबर 2017 को 13 लाख रुपये एफडी बनवाने के लिए शशांक वैश्य के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 16 जनवरी 2018 दो लाख पांच हजार रुपये शशांक वैश्य ने पीड़ित से और ट्रांसफर करवाया। पीड़ित के मुताबिक उसे कुल 21 लाख पांच हजार रुपये दिया। वह रुपये पीड़ित ने बैंक से लिए होम लोन के लिया था। जब पीड़ित ने रुपये मांगे तब आरोपित टाल-मटोल करने लगा। इसके बाद एक जनवरी 2019 को शशांक वैश्य ने अरविंद कुमार यादव को आठ लाख रुपये वापस कर दिए। 13 लाख पांच हजार रुपये वासप नहीं दिए। पीड़ित कोतवाली पुलिस से न्याय की गुहार लगाई पर उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। बाद में उसने कोर्ट की शरण ली। अब पुलिस ने पीड़ित के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर शशांक वैश्य उर्फ अंशू पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है।