अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नवाबाद थाना इलाके में एक युवक की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जबकि, पुलिस का कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
महोबा के चरखारी निवासी फूलसिंह (33) झांसी में करगुवांजी में किराए पर कमरा लेकर रहता था। वह यहां एक डॉक्टर की गाड़ी चलाता था। जबकि, उसका एक भाई धर्मेंद्र और भतीजा मनीष मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की मैस में काम करते हैं। भाई किशोरी लाल ने बताया कि रविवार शाम को फूलसिंह का मकान मालिक भाई धर्मेंद्र के पास आया और बताया कि फूलसिंह ने फांसी लगा ली है। इस पर परिजन मौके पर पहुंच गए। फूलसिंह का कमरा खुला हुआ था और पुलिस भी पहुंच चुकी थी। भाई ने बताया कि फूलसिंह का शव दीवार से टिका था। तौलिया का एक सिरा उसके गले में बंधा था और दूसरा हिस्सा करीब तीन फीट ऊंचे लोहे के एंगल में बंधा था। किशोरी लाल और अन्य परिजनों का कहना है कि मौके के हालात देखकर यह नहीं कहा जा सकता है कि फूल सिंह ने आत्महत्या की है। उन्होंने उसकी हत्या की आशंका जताई।
वहीं, विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज हिमांशु का कहना है कि फूलसिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर आने पर मामले की जांच की जाएगी।