गुजरात के जामनगर में दो दिन पहले फंदे पर लटकी मिली थी लाश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गुजरात के जामनगर में युवक की मौत के दो दिन बाद रविवार को उसके परिजनों ने सीपरी बाजार थाने में शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच का भरोसा देकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
सिद्धेश्वर नगर आईटीआई निवासी हरीराम जाटव के बेटे राहुल (32) की शादी साल 2013 में इंदरगढ़ की एक युवती से हुई थी। उनके दो बेटियां भी हैं। पिछले दो सालों से दंपती गुजरात के जामनगर में रहकर अलग-अलग फैक्टरियों में काम कर रहे थे। 14 मार्च को राहुल का शव जामनगर में फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर यहां से परिजन पहुंच गए। लेकिन, तब तक शव का पोस्टमार्टम हो चुका था। परिजन शव को झांसी ले आए। यहां वे रविवार की दोपहर भीड़ के साथ शव को लेकर सीपरी बाजार थाने पहुंच गए। यहां मृतक के चचेरे भाई रजनीकांत ने बताया कि वह जामनगर में राहुल के घर से कुछ ही दूरी पर रहता था। वहां राहुल की पत्नी के एक युवक से प्रेम संबंध हो गए थे। इसे लेकर दंपती के बीच झगड़ा होता रहता था। एक साल पहले दोनों यहां आ गए थे, लेकिन कुछ समय बाद भाभी एक बेटी को लेकर जामनगर चली गई थी। डेढ़ महीने पहले उसने राहुल को भी वहां बुला लिया था। चचेरे भाई ने भाभी और उसके प्रेमी पर राहुल की हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के पिता ने बताया कि जब वे जामनगर पहुंचे, तब तक उसका पोस्टमार्टम हो चुका था। उसकी बहू और उसका प्रेमी फरार हैं। जामनगर में पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। इस पर वे शव लेकर यहां आए हैं। जानकारी होने पर सीओ सिटी राजेश कुमार राय सीपरी थाने पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को समझाया कि मामला जामनगर का है, ऐसे में वहां की पुलिस ही कार्रवाई कर सकती है। लेकिन, परिजन मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद पुलिस ने उनसे प्रार्थना पत्र लिया और जांच का भरोसा दिया। इस पर वे शव को लेकर वहां से चले गए।