संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। समथर - पीपरी कला सड़क मार्ग पर देर रात्रि रात्रि सड़क किनारे खाई में कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई।
ग्राम साकिन निवासी 22 वर्षीय राशिद पुत्र अख्तियार खान अपने दो साथियों दिलशाद व अख्तर के साथ कार से लोहागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात लगभग दो बजे जब वह वापस गांव लौट रहे थे, तभी सड़क किनारे खाई में कार पलट गई और राशिद गाड़ी के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में गाड़ी में बैठे उसके दोनों साथी घायल हो गए। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया व दोनों घायलों को झांसी मेडिकल रेफर कर दिया। लोगों ने बताया कि समथर- पीपरी कला सड़क मार्ग एक साल से क्षतिग्रस्त हाल में है। जगह- जगह गढ्ढे होने के साथ पूरा सड़क मार्ग ऊबड़ खाबड़ हो गया है, जिससे आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। कई बार लोगों द्वारा मांग करने के बाद भी सड़क मार्ग की मरम्मत नहीं कराई जा रही है, जिससे यह गढ्ढायुक्त सड़क जानलेवा साबित हो रही है। लोगों ने बताया कि इन गड्ढों की वजह से एक युवक की जान चली गई। राशिद की मौत से उनके परिवारीजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।