फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: युवक को उठा ले गए हरियाणा से आए कार सवार, दतिया में पकड़े गए

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

झांसी। शुक्रवार की दोपहर हरियाणा से दो कारों में सवार होकर आए युवकों ने सीपरी बाजार थाना इलाके से एक युवक को उठा लिया। घटना की सूचना पर अलर्ट हुई पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों को दतिया में दबोच लिया और उनके चंगुल से युवक को सकुशल छुड़ा लिया। इसके बाद उन्हें सीपरी बाजार थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली थाना इलाके के दतिया गेट निवासी राघवेंद्र पांचाल जड़ी-बूटियों का कारोबार करते हैं। वह हरियाणा के जनपद कैथल के निवासी टिंकू कुमार के साथ साझेदार हैं। दोनों जगह-जगह शिविर लगाकर जड़ी-बूटियों की बिक्री करते हैं। पिछले कुछ समय से वह सीपरी बाजार थाना इलाके के ग्राम अंबावाय में शिविर लगाए हुए थे। यहां उन्होंने किराये पर एक कमरा ले रखा था। शुक्रवार की दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे राघवेंद्र कमरे में आराम कर रहा था। इसी दरम्यान दो कारों में सवार होकर नौ लोग उसके कमरे पर पहुंच गए और वह टिंकू कुमार के बार में पूछताछ करने लगे। राघवेंद्र ने बताया कि टिंकू इस समय यहां नहीं है, इस पर कार सवार पिस्टल दिखाते हुए राघवेंद्र को कार की ओर खींच ले गए। बदमाशों के हाथ में पिस्टल होने की वजह से वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति उनका विरोध करन की हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसके बाद वह राघवेंद्र को लेकर दतिया की ओर निकल गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। स्थानीय पुलिस ने तत्काल दतिया पुलिस से संपर्क साधा। इस पर दतिया पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी कर ली। पुलिस से घिरे कार सवार राघवेंद्र को लेकर पहले सोनागिर की ओर भागे, लेकिन वहां पुलिस की मौजूदगी को देखकर वापस लौट आए। इसी बीच बाईपास के पास पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने कार सवारों के चंगुल से राघवेंद्र को सकुशल छुड़ा लिया। दतिया पुलिस के एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि सभी आरोपियों को झांसी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। उनके पास से खिलौना पिस्टल बरामद की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि टिंकू कुमार ने तीन साल पहले आरोपियों से डेढ़ लाख रुपए उधार लिए थे। इन रुपयों को वापस करने के लिए प्रतिमाह 50 हजार रुपए की किश्त तय की गई थी, मगर टिंकू ने पैसा वापस नहीं किया। इतना ही नहीं, टिंकू ने उनका फोन रिसीव करना तक बंद कर दिया था। जबकि, उधारी की रकम ब्याज समेत 15 लाख रुपये हो चुकी थी। जानकारी करते हुए वह अंबावाय पहुंचे और टिंकू के न मिलने पर उसके साझेदार राघवेंद्र को उठा ले गए। उन्होंने रास्ते में राघवेन्द्र से टिंकू को फोन करके बुलाने का दबाव बनाया। इसी बीच उन्हें दबोच लिया गया। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें