पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 फरवरी को उसकी सास और वह घर पर थी। परिवार के अन्य लोग शादी में गए थे। रात करीब तीन बजे गांव निवासी जितेंद्र यादव उसके घर में घुस आया और उसे जबरन पकड़ लिया। पीड़िता से धक्का मुक्की होने पर वह चारपाई से गिर गया। इस पर उसने युवती को लात घुसों और डंडे से पीट दिया, जिससे उसके शरीर में चोट आ गई।
आरोप है कि जितेंद्र ने उसके कपड़े फाड़ कर जबरन दुष्कर्म किया और नग्न अवस्था में ही उसे चारपाई पर बांध कर खुद पास पड़ी चारपाई पर सो गया। सुबह उसके परिजन घर आए तो आरोपी को चारपाई पर सोता देख पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
परिजन पीड़िता सहित शनिवार की देर शाम कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की तहरीर दी। जानकारी लगते ही सीओ कुलदीप कुमार व प्रभारी निरीक्षक शिव बरात छोड़कर फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल की। मामला सही पाए जाने पर पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया और देर रात घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
पीड़िता के बयानों से उलझ रही घटना
पीड़िता की कहानी घटना को उलझाती नजर आ रही है। उसने पुलिस को बताया कि घर में वह और सास ही थी अन्य लोग शादी में गए थे, लेकिन जब आरोपी पीड़िता को पीटने के बाद दुष्कर्म करता रहा तो उसकी चीख-पुकार सुनकर सास मौके पर क्यो नहीं पहुंची? साथ ही दुष्कर्म के बाद आरोपी का पास की चारपाई में सोना भी पुलिस की समझ में नहीं आ रहा है। हालांकि कोतवाल का कहना है कि घटना की हर एक बिंदु पर जांच की जा रही है।
पीड़िता की तहरीर पर घटना की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा। -विनोद कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक