बरौनी स्पेशल ट्रेन के जनरल कोच में कर रहा था सफर
नहीं मिली मदद तो डिप्टी एसएस और टीटीई ने ठेले पर ही लिटाकर ले आए यात्री को
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बरौनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन से गिरकर युवक बुरी तरह घायल हो गया। यात्रियों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर रेलवे को घटना की जानकारी दी। यहां डिप्टी एसएस एसके नरवरिया ने घायल की मदद के लिए अन्य कर्मियों से मदद मांगी लेकिन कोई नहीं आया। उन्होंने टीटीई के साथ मिलकर घायल को पटरी से उठाकर हाथ ठेले पर लिटाया और इलाज के लिए अपने कार्यालय ले आए। यहां यात्री की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना रविवार सुबह लगभग नौ बजे की है। ग्वालियर से बरौनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन सुबह 8.53 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन अपने निर्धारित समय 9.20 बजे जैसे ही बरौनी के लिए रवाना हुई, ट्रेन के इंजन से सटे जनरल कोच में सवार 30 वर्षीय युवक प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच जा गिरा। इससे उसके सिर और दाएं पैर में चोट आ गई। यह देख यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और रेलवे को सूचना दी।
डिप्टी एसएस वाणिज्य एसके नरवरिया ने आरपीएफ और रेलवे चिकित्सक को सूचित किया लेकिन युवक ही हालत गंभीर थी तो उन्होंने उसे ट्रेन के नीचे से निकालने के लिए प्लेटफॉर्म पर मौजूद स्टाफ से मदद के लिए उद्घोषणा करवाई लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद डिप्टी एसएस खुद ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। साथ ही ड्यूटी पर तैनात सीटीआई रविंद्र पाल को भी अपने साथ ले लिया।
उन्होंने यात्री को पटरी से उठाया और हाथ ठेले पर ही लेकर डिप्टी एसएस उसे अपने कार्यालय ले आए। यहां रेलवे चिकित्सक ने उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यात्री कौन है और कहां जा रहा था, अभी जानकारी नहीं हो पाई है। घटना के दौरान ट्रेन 30 मिनट देरी से रवाना हुई। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात यात्री ट्रेन से गिरकर घायल हुआ है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।