अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पत्नी को लेने ससुराल जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। ओरछा पहुंचने से पहले उसकी बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवपुरी के खनियाधाना निवासी सलमान खान (25) का निकाह निवाड़ी निवासी महक से हुआ था। बकरीद पर महक मायके चली गई। त्योहार के बाद सलमान उसे लेने के लिए शुक्रवार रात करीब आठ बजे निवाड़ी जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ओरछा से पहले तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सलमान की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सलमान घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पति की मौत की खबर सुनकर नवविवाहिता महक बेहोश हो गई। चार भाइयों में सलमान दूसरे नंबर का था। उसकी चार बहनें हैं।