अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। हाथों में असलहे थामकर नाचना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। इसका वीडियो वायरल होने पर सीपरी बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस युवकों की तलाश में जुटी हुई है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक हाथों में असलहे थामकर नाचते नजर आ रहे थे। यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया। पुलिस के पास भी यह वीडियो जा पहुंचा। इस पर भोजला मंडी चौकी प्रभारी कमल प्रताप सिंह की शिकायत पर सीपरी बाजार थाने में युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि वीडियो भोजला निवासी शैलेंद्र यादव ने अपने मोबाइल से इंस्टाग्राम पर डाउनलोड किया था। सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर वीडियो में असलहे के साथ दिख रहे युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।