अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पूंछ थाना इलाके में एक युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। युवक बुधवार की शाम घर से निकला था। अगले दिन सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के पास क्षतविक्षत अवस्था में पड़ा मिला। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
पूंछ कस्बे में रहने राजे राजेंद्र का बेटा आशीष सविता (22) कस्बे में हेयर कटिंग की दुकान खोले हुए था। भाई अनिल ने बताया कि आशीष बुधवार की रात तकरीबन आठ बजे घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। जबकि, उसके फोन की घंटी जा रही थी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रही थी। इस पर परिजनों ने की तलाश शुरू कर दी। रात भर परिजन खोजबीन में जुटे रहे, लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह गांव के कुछ लोगों ने उसका शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा देखा। उन्होंने सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भाई ने बताया कि आशीष के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। उसकी शादी की बातचीत चल रही थी।