डंपर की टक्कर से युवक की मौत
मोंठ। थाना मोंठ अंतर्गत ग्राम अमरा हाईवे पर एक डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि थाना समथर के ग्राम बड़ा बेलमा निवासी विनय पुत्र हरदास शनिवार को बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी से वापिस घर लौट रहा था। अमरा हाइवे पहुंचने पर कानपुर से झांसी जा रहे एक डंपर का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ता हुआ सड़क के दूसरी तरफ निकल गया, जिसकी चपेट में विनय की बाइक आ गयी और विनय की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये झांसी भेज दिया। दुर्घटना के बाद हाइवे पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिससे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर डंपर को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु करवाया।