अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। नव वर्ष प्रतिपदा के उपलक्ष्य में गांधी नगर स्थित संज्ञा-निवास पर संस्कार भारती के तत्वावधान में शास्त्रीय संगीत एवं सुगम संगीत गोष्ठी का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलाकारों ने विद्या और बुद्धि की मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया और एक दूसरे को हिंदू नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। कलाकार केशव सुल्लेरे ने भक्ति-गीत एवं सरस्वती-वंदना प्रस्तुत की। अन्य कलाकारों ने विभिन्न राग रागिनियों पर आधारित एवं परंपरागत देवी गीत प्रस्तुत किए। कलाकार प्रभु दयाल संज्ञा, लक्ष्मी नारायण शर्मा, बृजेश तिवारी,ओमकार राजा, अभिलाषा राज, गीतमा तिवारी, शिवानी झा आदि ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्र मुग्ध किया। तबले पर संगत तबला वादक हर्ष जैन, मास्टर शिवा झा एवं बाल कलाकार अक्षय ने की। संचालन संस्कार भारती के अध्यक्ष पंडित बृजमोहन संज्ञा व आभार पं. प्रभु दयाल संज्ञा ने किया। इस अवसर पर संरक्षक मंडल से कृपा शंकर व्यास, केके पाठक, राजकुमार, पवन कुमार, आनंद कुमार आदि मौजूद रहे।