झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई की गौरव गाथा कौन नहीं जानता है। रानी की तरह इस शहर की महिलाएं भी कमाल हैं। महिलाओं ने राष्ट्रीय बचत योजना की पांच वर्षीय आवर्ती जमा योजना (आरडी) के तहत मात्र सात महीने में 1.53 अरब की रकम जमा कर डाली है। विभाग की मानें तो ऐसा पहली बार हुआ है। साथ ही महिलाओं की इस बचत के चलते विभाग ने समय से पहले अपना लक्ष्य भी पूरा कर लिया है।
राष्ट्रीय बचत योजना की पांच वर्षीय आवर्ती जमा योजना (आरडी) में रानी लक्ष्मीबाई की झांसी की महिलाओं ने कमाल कर दिया। जिले की महिलाओं को राष्ट्रीय बचत योजना में पैसा जमा करना काफी पसंद आ रहा है। महिलाएं थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाकर निवेश कर रही हैं। प्रभारी सहायक निदेशक बचत अरविंद गौर ने बताया कि जिले की महिलाओं ने सात माह में 1.53 अरब रुपये आरडी योजना में जमा किए हैं। उन्होंने बताया कि इसमें 100 रुपये से भी खाता खोलकर बचत की जा सकती है। इस कारण से महिलाएं बचत के लिए खूब आगे रही हैं। इसमें 20 से 21 करोड़ रुपये हर माह जमा होता है। इस रकम को जमा करने वालों में महिलाओं की बड़ी संख्या है।
आरडी पर 5.8 फीसदी की दर से ब्याज दिया जा रहा है। 1000 रुपये प्रतिमाह की दर से पांच साल तक आरडी योजना में पैसा जमा करने पर 69.696 रुपये का लाभ होता है।
विभाग ने पूरा किया लक्ष्य
झांसी। राष्ट्रीय बचत योजना के तहत अप्रैल 2022 से अक्तूबर 2022 तक 10.88 अरब रुपये जमा किए गए हैं। जबकि विभाग के अनुसार राष्ट्रीय बचत योजना के तहत वर्ष 2021-2022 में बचत का लक्ष्य 1.15 अरब था। वर्ष 2022-2023 के लिए यह लक्ष्य बढ़ाकर 3.47 अरब कर दिया गया। विभाग को अक्तूबर तक 1.65 अरब की बचत का लक्ष्य पूरा करना था, लेकिन विभाग ने तय समय से पहले ही अक्तूबर तक दो अरब जमा कर लक्ष्य पूरा कर लिया था।
--
बचत योजना के एजेंटों में भी महिलाएं आगे
विभाग के अनुसार जहां महिलाएं बचत करने में आगे रहीं हैं। वहीं, महिलाएं इस योजना की एजेंट बनने में भी आगे हैं। जिले में इस राष्ट्रीय बचत योजना के 957 एजेंट कार्य कर रहे हैं। इसमें 628 महिलाएं व 329 पुरुष एजेंट शामिल हैं।