झांसी के गोरा मछिया में तैनात एक शिक्षा मित्र ने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। महिला का पति लोको पायलट है। परिवार के लोगों का कहना है कि पिछले काफी समय से वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
थाना नवाबाद के अशोक वैली में नीलम पति मुकेश यादव एवं दो बच्चों के साथ रहती थीं। परिजनों का कहना है कि रविवार को पति मुकेश ड्यूटी पर पुखरयां चले गए। घर में बेटा नमन (13) एवं बेटी परी (15) थे। दोपहर को बच्चों को नीचे छोड़कर नीलम अपने ऊपर के कमरे में चली गईं। यहां दुपट्टे के सहारे उसने फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद बच्चे मां को तलाशते हुए ऊपर के कमरे में पहुंचे तब वहां मां फंदे पर लटकी हुई थी। यह देखकर दोनों बच्चे डर गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू दिया। पड़ोस के लोग भी आ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में बजरंग चौकी प्रभारी रोहित कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। घटना की सूचना मिलने पर पति मुकेश भी लौट आए। परिजनों ने नीलम के मानसिक तौर पर परेशान होने की बात कही है।