गरीब कल्याण योजना में अब चावल संग मिलेगा गेहूं - नवंबर तक मुफ्त मिलेगा पात्रों को राशन झांसी। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए झांसी मंडल के 31.50 लाख लोगों को पांच माह तक मुफ्त खाद्यान्न मिलेगा। इसके लिए सरकार ने मंडल के लिए कुल 17448 मैट्रिक टन खाद्यान्न का आवंटन कर दिया। इसके जरिए प्रत्येक लाभार्थी को तीन किलो चावल के संग दो किलो गेहूं भी दिया जाएगा हालांकि चना का आवंटन अभी नहीं हुआ है। लॉकडॉउन के बाद पैदा हुई परिस्थितियों के चलते केंद्र सरकार ने निर्धन परिवार को अप्रैल से जून के बीच पांच किलो चावल एवं एक किलो चना निशुल्क वितरित किया था। यह योजना पिछले माह बंद कर दी गई लेकिन, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने नवंबर तक योजना को बढ़ा दिया। इसके साथ ही चावल के साथ तीन किलो गेहूं भी प्रति यूनिट के हिसाब से दिया जाएगा। संभागीय खाद्य नियंत्रक नरेंद्र कुमार के मुताबिक झांसी मंडल के लिए खाद्यान्न का आवंटन कर दिया गया है। मंडल में सर्वाधिक 7188.87 मैट्रिक टन खाद्यान्न झांसी जनपद को आवंटित हुआ है। इसके जरिए जनपद के 150238 यूनिट अंत्योदय कार्ड धारक एवं 1287536 पात्रों को खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। वहीं, पूरे मंडल के लिए 10468.80 मैट्रिक टन खाद्यान्न आवंटित किया गया है। ललितपुर के लिए 4631.99 मैट्रिक टन एवं जालौन 5627 मैट्रिक टन का आवंटन किया गया है। खाद्य नियंत्रक के मुताबिक अभी तक चना का आवंटन नहीं हुआ है। इनसेट 20 जुलाई से होगा वितरण खाद्यान्न आवंटन होने के बाद अब 20 जुलाई से इसके वितरण की योजना बनाई जा रही है। जुलाई से नवंबर तक यह खाद्यान्न पात्रों के बीच वितरित होगा। यह खाद्यान्न सभी को राशन की दुकानों से ही मिलेगा। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पूर्व के नियम एवं प्रावधानों के हिसाब से इसका वितरण किया जाएगा।