संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। 26 जून से 25 जुलाई तक चलने वाले विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महिला चिकित्सालय संयुक्त निदेशक डॉ. आरके सोनी एवं सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर किया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि 9 माह से 5 वर्ष तक के 21,0978 बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने का लक्ष्य रखा है। बुधवार व शनिवार को विटामिन ए की खुराक सभी बच्चों को पिलाई जाएगी। चिकित्सकों ने बताया कि विटामिन ए बच्चों में कुपोषण और रतौंधी जैसे रोगों से बचाता है। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने बताया कि बच्चों को विटामिन ए की निर्धारित 9 खुराक दिए जाने से उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोतरी होती है। सीएमएस डॉ. राजनारायण, एसीएमओ डॉ. एनके जैन, डॉ. विमलेश, डॉ. प्रशांत निरंजन, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला, एआरओ लाखन सिंह, यूएनडीपी से गौरव वर्मा आदि उपस्थित रहे।
फोटो ::
अशोक कुमार बने एनसीआर के महाप्रबंधक
झांसी। भारतीय रेल भंडार सेवा के अधिकारी अशोक कुमार वर्मा ने शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के नये महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले अशोक कुमार वर्मा प्रयागराज में ही केंद्रीय रेलवे विद्युतीकरण संगठन कोर के महाप्रबंधक पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पास उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक, दक्षिण पश्चिम रेलवे के बेंगलुरु मंडल में मंडल रेल प्रबंधक और झांसी में अपर मंडल रेल प्रबंधक के रूप में कार्य करने का भी अनुभव है। संवाद
- किसानों को दिया मूंग का उन्नत बीज
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय ने शनिवार को शिक्षा योजना एवं गृह विज्ञान व भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद दिल्ली द्वारा वित्त पोषित एससीएसपी परियोजना में कोट बेहटा के 22 अनुसूचित जाति के किसानों को मूंग की उन्नत किस्म का बीज वितरित किया। निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. एसएस सिंह द्वारा उन्नत बीज से किसानों को लाभ के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संवाद
- सपा के महानगर संगठन में जहीर खान सचिव बने
झांसी। समाजवादी पार्टी के झांसी महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम खान ने बताया कि मोहम्मद जहीर खान को पार्टी ने झांसी महानगर संगठन में सचिव पद पर नियुक्त किया है। संवाद