मोंठ। समथर थाना क्षेत्र के कड़ूरा गांव निवासी सुरेश राजपूत (43) की करंट से मौत हो गई। परिजन ने आरोप लगाया कि वह अपने खेत से घर की ओर जा रहा था। रास्ते में जमीन पर बिजली का तार टूटा पड़ा था। तार की चपेट में आने से उसे करंट लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन नेे कहा कि एक दिन पहले ही बिजलीकर्मियों ने डीपी के तार काटे और इसे वहीं छोड़कर चले गए। इसी की वजह से उसे करंट लग गया। वहीं, एसडीओ हिमांशु यादव ने बताया कि गांव में कोई तार नहीं टूटा था। एक दिन पहले गांव में बिजली बिल बकायेदारों के ट्रांसफार्मर से कनेक्शन काटे गए थे। गांव में विद्युत सप्लाई चालू थी। अगर तार जमीन पर पड़ा होता तो गांव की सप्लाई नहीं आती। एसडीओ ने बताया कि इसके अलावा दोपहर करीब 11:55 बजे आपूर्ति भी ट्रिप हुई थी। संवाद