बुधवार को रेलवे की विजिलेंस टीम झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर पहुंची। इस दौरान विजिलेंस टीम ने पार्सल कार्यालय से लेकर खानपान के स्टॉलों तक का निरीक्षण किया। कई अभिलेख भी खंगाले। इससे हड़कंप की स्थिति बनी रही।
रेलवे की छह सदस्यीय विजिलेंस टीम बुधवार को प्रयागराज से झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यहां आते ही टीम पहले टिकट बुकिंग ऑफिस पहुंची। इसके बाद रिजर्वेशन काउंटर में दस्तक दी। टीम ने दोनों कार्यालयों के कामकाज की स्थिति देखी। साथ ही कर्मचारियों से भी जानकारी इकट्ठा की। इसके बाद टीम ने प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर लगे खानपाल के स्टालों का भी निरीक्षण किया। बाद में टीम पार्सल बुकिंग ऑफिस पहुंची। यहां से टीम ने कुछ अभिलेख भी अपने कब्जे में लिए। विजिलेंस की टीम की इस कार्रवाई से स्टेशन पर हड़कंप की स्थिति बनी रही।
जांच में वसूला एक लाख रुपये जुर्माना
बुधवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में झांसी रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी चेकिंग की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करते, बगैर बुक किए लगेज ले जाते समेत अन्य अनियमितताओं के 143 प्रकरण पकड़े गए। इन मामलों में लोगों से 1,03,320 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। चेकिंग टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक शिरीष उपाध्याय, केपी आरमो, बृजेश श्रीवास्तव, कैलाश कुमार, नीलम सिंह, शीबा मैथ्यु, नरेश यादव आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
रेल कर्मचारी का शांति भंग में चालान
डीआरएम ऑफिस में कार्यरत सुनील ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया, जिसमें बताया कि उसने शिवपुरी रोड पर रक्सा में एक प्लॉट खरीदा था। इस पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था। इस पर विपक्षी के खिलाफ रक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। कर्मचारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसका भी 151 में चालान कर दिया। जबकि, उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ है। कर्मचारी ने एसएसपी से इस मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई।