झांसी के महिला अस्पताल में डांस
- फोटो : सोशल मीडिया
झांसी के महिला अस्पताल में शराब पीकर डांस करते हुए एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दिख रहा है कि सीएमएस चैंबर के बगल में शराब पी जा रही है। तेज गाना बजाते हुए कर्मचारी शराब का ग्लास हाथ में थामकर और नमकीन खाते हुए डांस कर रहा है। वहीं, सीएमएस का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी भी घटना के बारे में जानकारी ही नहीं है।
महिला अस्पताल जहां पर महिलाओं का आना-जाना हर समय बना रहता है, वहां पर शराब के नशे में झूमते हुए कर्मचारी का वीडियो वायरल हुआ है। ये वीडियो कब का है और किसने बनाया है, ये तो जांच के बाद ही पता चलेगा। मगर इस वायरल वीडियो ने अस्पताल में अनुशासनहीनता चरम पर होने की मुहर लगा दी है। वीडियो देखकर लगता है कि यहां न तो अधिकारियों का किसी कर्मचारी में खौफ है और न ही कार्रवाई का डर। बताया गया कि सीएमएस चैंबर के बगल में जहां पहले संपूर्णा क्लीनिक चलती थी, वहां पर एक कर्मचारी तेज गाना बजाते हुए डांस कर रहा है। वहां पर कई और लोग भी मौजूद हैं। कर्मचारी का एक साथी शराब का पैक बनाकर उसे देता है। फिर चकना हो जाए कहता हुआ नमकीन खिलाता है।
वीडियो में शराब पीने वाला कर्मचारी जमकर थिरकता हुआ दिख रहा है। उसके साथी ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि बहुत बढ़िया छा गए। इसके अलावा तेज-तेज हंसने की आवाजें सुनाई दे रही हैैं। ये नजारा देखकर कोई सोच नहीं सकता कि दिन के उजाले में शराब पीकर झूमने का ये वीडियो महिला अस्पताल का हो सकता है। वहीं, इस मामले में सीएमएस डॉ. सुमन का कहना है कि उन्हें किसी भी वीडियो के बारे में जानकारी नहीं है। वीडियो देखने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।