फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: वीरांगना की धरा पर पहुंची वंदे भारत, स्वागत के लिए उमड़ा झांसी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो झांसी /ललितपुर। देश की ग्यारहवीं वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को पहले ललितपुर और उसके बाद बबीना होते हुए झांसी पहुंची। तीनों स्टेशनों पर गाड़ी का जोरदार स्वागत हुआ। ढोल-नगाढ़े और रामतूलों की आवाज के बीच लोगों ने ट्रेन के चालक दल को फूल मालाएं पहनाईं। भारी संख्या में लोग ट्रेन को देखने पहुंचे।
विज्ञापन

भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां से गाड़ी भोपाल, विदिशा, बीना होते हुए ललितपुर पहुंची। रेलवे द्वारा जारी की गई समय सारिणी के मुताबिक यहां गाड़ी को शाम 5.55 बजे पहुंचना था, लेकिन गाड़ी 1.24 घंटे की देरी के साथ 7.19 बजे ललितपुर पहुंची। गाड़ी के पहुंचते ही ढोल-नगाढ़े बजने लगे। लोगों ने चालक दल को फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। यहां से चलकर गाड़ी बबीना पहुंची। बबीना स्टेशन पर गाड़ी एक मिनट खड़ी रही। यहां फूल बरसाकर लोगों ने गाड़ी का स्वागत किया। जबकि, ट्रेन रात 8.31 बजे डेढ़ घंटे की देरी के साथ झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर पहुंची। यहां प्लेटफार्म नंबर एक पर गाड़ी के स्वागत की व्यवस्था की गई थी। यहां लोग गाड़ी के पहुंचने के लगभग दो घंटे पहले से जमा थे। गाड़ी के आते ही लोग स्वागत के लिए दौड़ पड़े। ढोल-नगाड़े और रमतूले बजने लगे। स्कूली बच्चे आर्केस्ट्रा बजाते नजर आए तो बुंदेली कलाकारों ने राई नृत्य कर गाड़ी का स्वागत किया। लोग पहली बार झांसी पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस की तस्वीरें कैमरे में कैद करते नजर आए। सेल्फी लेने की भी होड़ रही। वंदे मातरम व भारत माता की जय के उदघोषों की गूंज भी खूब सुनाई दी। तमाम लोगों ने गाड़ी के भीतर जाकर अंदर की व्यवस्थाएं देखीं। सीट पर बैठकर लोग सेल्फी लेते नजर आए। 16 मिनट तक गाड़ी प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी रही। 8.47 बजे ग्वालियर के लिए रवाना हो गई।

स्वागत करने पहुंचे जनप्रतिनिधि
झांसी /ललितपुर। ललितपुर स्टेशन पर वंदे भारत का स्वागत राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, विधायक रामरतन कुशवाहा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, नगर पालिकाध्यक्ष रजनी साहू समेत सोनू चौबे, प्रदीप चौबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धर्मेंद्र गोस्वामी, डॉ.दीपक चौबे, देवेंद्र गुरू, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी, रामेश्वर सड़ैया, गौरव चौधरी, वंशीधर श्रीवास, गंधर्व सिंह लोधी, राजेश लिटौरिया, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीतेश संज्ञा, अमित संज्ञा, स्टेशन अधीक्षक डीके चतुर्वेदी, उपस्टेशन अधीक्षक गोल्डी पुरोहित, एलएन तिवारी, श्रेयांश जैन, एसडी तिवारी, एसके गौतम आदि ने किया। बबीना में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, मंडल अध्यक्ष पलविंदर नंदा, मीडिया प्रभारी सोनू सिकरवार, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, राजकुमार भदोरिया उपस्थित रहे। जबकि, झांसी स्टेशन पर सदर विधायक रवि शर्मा, डीआरएम आशुतोष, सीनियर डीसीएम शशिकांत त्रिपाठी ने गाड़ी का स्वागत किया। इस मौके पर गोकुल दुबे, लखन कुशवाहा, सियाराम शरण चतुर्वेदी, सुदर्शन शिवहरे, प्रदीप तिवारी, मनमोहन मनु आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


ललितपुर में ठहराव की मांग
झांसी। ललितपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई। राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से ललितपुर में ट्रेन के ठहराव की मांग करेंगे। विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि ठहराव के लिए वे भी प्रयास करेंगे। बुंदेलखंड विकास सेना के प्रमुख हरीश कपूर ने ट्रेन के ललितपुर में ठहराव की मांग की है।

396 स्कूली बच्चों ने किया सफर
झांसी। वंदे भारत एक्सप्रेस में झांसी के विभिन्न स्कूलों के 396 बच्चों ने सफर किया। इन बच्चों को बसों से बीना ले जाया गया था। वहां से वे ट्रेन में पहुंचकर झांसी पहुंचे। इस दौरान बच्चे बेहद खुश नजर आए।


ट्रेन का सफर हवाई जहाज जैसा लग रहा था। बाहर की आवाज अंदर नहीं आ रही थी। कब गाड़ी तेज चलती थी और कब गति धीमी पड़ जाती थी, इसका अहसास ही नहीं हो रहा था। - युवराज


गाड़ी के अंदर बहुत साफ-सफाई थी और सीटें भी बेहद आरामदायक थीं। नई गाड़ी में पहली यात्रा करने का मौका मिला, इससे बेहद खुश हूं। ट्रेन में बहुत मचा आया। - सिया वर्मा


वंदे भारत में सफर कर बहुत अच्छा लगा। यात्रा बेहद यादगार रही। स्कूल के अन्य साथी भी साथ थे, इससे और भी मजा आया। लग ही नहीं रहा था कि हम किसी ट्रेन में सवार हैं। - वैष्णवी द्विवेदी


वंदे भारत ट्रेन को झांसी में खड़ा देेखकर लगा कि अब हमारा शहर भी बड़े शहरों में शामिल हो गया है। मैं अपने दोस्तों के साथ गाड़ी देखने आईं हूं। बहुत अच्छी गाड़ी है। - अर्पना दुबे
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें