संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के 67 केंद्राें पर होने वाली परीक्षा के लिए 12 फरवरी को परिषद प्रश्नपत्र झांसी भेजेगा।
इसके बाद जिला स्तरीय टीम 15 फरवरी तक प्रश्नपत्र को सभी परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाएगी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 22 फरवरी से होंगी। बोर्ड परीक्षा में 44 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
परीक्षा के लिए केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों का डाटा अपलोड किया जा रहा है। वहीं, 15 फरवरी तक सभी परीक्षा केंद्राें पर प्रश्नपत्र पहुंचा दिए जाएंगे। इन्हें केंद्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
जिसकी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी। डीआईओएस राजेश कुमार सिंह के मुताबिक प्रश्नपत्र आने के बाद परीक्षा केंद्रों पर तीन दिन में पहुंचा दिए जाएंगे। इनको सुरक्षित पहुंचाने के लिए टीमें बनाई गई हैं। सभी केंद्रों की निगरानी सीधी कंट्रोल रूम से होगी।