- क्षेत्रीय कार्यालय तक शिक्षणेतर कर्मचारी पहुंचाएंगे उत्तर पुस्तिकाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिले में सिर्फ 5 प्रतिशत ही शेष रह गया है। मूल्यांकन समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचाने की जिम्मेदारी शिक्षणेतर कर्मचारियों को दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए जिले में तीन केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल की 139319 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना था। बुधवार तक 136283 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। हाईस्कूल की 3036 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शेष रह गए हैं।
वहीं इंटरमीडिएट की 87803 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना था, जिसमें से 83505 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण हो चुका है। 4334 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शेष है।
मूल्यांकन पूरा होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचाने की जिम्मेदारी अब शिक्षणेतर कर्मचारियों को सौंपी गई है। परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार शिक्षकों को इस कार्य में नहीं लगाया जाएगा।
डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने कहा कि मूल्यांकन कार्य एक-दो दिन में पूरा हो जाएगा। मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को शिक्षणेतर कर्मचारियों द्वारा क्षेत्रीय कार्यालयों तक पहुंचाया जाएगा।