झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षा के मॉडल पेपर यूपीएमएसपी वेबसाइट पर अपलोड हो चुके हैं। मॉडल पेपर दो खंडों में विभक्त किया गया है, जिसमें 70 अंक के दीर्घ प्रश्न उत्तर और 20 अंक के बहुविकल्पीय प्रश्न दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं। बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों को इस बार परीक्षा में न केवल विस्तृत प्रश्न हल करने होंगे, जबकि बहुविकल्पीय प्रश्न भी हल करने होंगे। दो खंडों के इस प्रश्न पत्र में पहले खंड में 70 अंक के लिखित दीर्घ प्रश्न पूछे गए हैं जबकि दूसरे खंड में 20 अंक के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए हैं। बहुविकल्पीय प्रश्नों को हल करने के लिए विद्यार्थियों को ओएमआर शीट दी जाएगी, जबकि विस्तृत प्रश्न के उत्तर के लिए अलग कॉपी दी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर विद्यार्थी मॉडल पेपर डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट पर कक्षा 9 से 12 तक सभी के विषयों के मॉडल पेपर अपलोड किए गए हैं।
डीआईओएस ओपी सिंह ने बताया कि विद्यार्थी मॉडल पेपर डाउनलोड कर परीक्षा की तैयारी शुरू कर दें। मॉडल पेपर के आधार पर ही प्रश्नपत्र हल करने के लिए समय प्रबंधन करें।