मोंठ। झांसी-कानपुर हाईवे पर थाना मोंठ क्षेत्र के अंतर्गत ट्राॅला ने अनियंत्रित होकर तीन वाहनों में टक्कर मार दी। इससे एक कार के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया। नेशनल हाईवे 27 पर अटरिया कट के पास झांसी से कानपुर की तरफ जा रहे ट्राला ने अनियंत्रित होकर पहले ट्रक और रोडवेज बस में टक्कर मारी और फिर कार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार व रोडवेज बस डिवाइडर लांघकर दूसरी रोड पर जा गिरे। इस हादसे में कार में सवार लोग मामूली रूप से घायल हैं, जबकि रोडवेज बस में सवार यात्रियों के मुताबिक ट्राॅला की टक्कर से रोडवेज बस पलटते-पलटते बची। इसमें यात्री बाल-बाल बच गए। फिलहाल इस सड़क हादसे के बाद घबराए हुए यात्रियों ने रोडवेज बस से उतरकर अपनी जान बचाई। वहीं, रास्ते से निकल रहे पुलिस कर्मियों ने तुरंत रोड पर लगे जाम की स्थिति को संभाला। कुछ समय बाद सूचना पाकर मोठ कोतवाल अखिलेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए तुरंत जाम को खुलवाया और एक साथ टकराई चार गाड़ियों के हादसे की जांच में जुट गए। संवाद